इंदौर। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हिमालय क्षेत्र से आ रही उत्तरी हवाओं के कारण पिछले तीन दिनों से इंदौर के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही हैं। शुक्रवार रात को बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। इंदौर में शुक्रवार को 'शीतल दिन' रहा लेकिन शनिवार को शहर में ठंड से राहत मिलेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 12.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।

शनिवार सुबह धुंध का असर रहा और सुबह सात बजे तक दृश्यता दो हजार मीटर दर्ज की गई। सुबह उत्तरी पूर्वी व पूर्वी हवाएं 12 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। रविवार को शहर में दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक एक जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं रहेगा। इसके प्रभाव में दिन में तापमान में गिरावट होगी, वहीं रात के तापमान में हल्की बढ़ाेतरी हो सकती है।

वहीं चार जनवरी को सक्रिय होने अन्य पश्चिमी विक्षोभ के असर से पांच जनवरी को इंदौर में बूंदाबांदी और छह जनवरी को बारिश के साथ ओलावृष्ठि भी होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा आने वाले दिनों में इंदौर में कोहरा व शीतल दिन की स्थिति भी निर्मित होगी। जनवरी में एक बार भी इंदौर में कड़ाके की ठंड का असर दिखाई देगा।