हाथरस । उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दहेज में भैंस और नकदी नहीं मिली तो ससुराल वालों ने विवाहिता की कर दी हत्या और घर से फरार हो गये। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता का शव उसी के घर में पंखे पर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और मायके पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव छोंक में घर के कमरे में एक विवाहिता का शव पंखे से लटका मिला। जिला अलीगढ़ की अकराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गोपाल गढ़ी निवासी 24 वर्षीय वर्षा की शादी 6 साल पहले हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव छोंक निवासी दीपक से शादी हुई थी। दीपक गुड़गांव में किसी प्राइवेट कम्पनी में जॉब करता था। मृतक विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोगों ने वर्षा का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसने इसकी शिकायत अपने मायके पक्ष के लोगों से भी की थी।
ससुरालीजन दहेज में भैंस की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर इन लोगों ने वर्षा की हत्या कर दी और उसका शव पंखे पर लटका दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर आ गई। ससुराल के सभी लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने छानबीन और पूछताछ के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी हाथरस जंक्शन का कहना है कि मृतका के ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। शिकायत मिलने के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।